
आजकल होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन लेना पहले से कहीं आसान हो गया है। इंस्टेंट अप्रूवल और ऑनलाइन प्रोसेस ने इसे बेहद सुविधाजनक बना दिया है। लेकिन असली जिम्मेदारी तब शुरू होती है जब हर महीने एक फिक्स्ड EMI आपके खाते से कटती है। कई लोग इस EMI के बोझ से जल्दी छुटकारा पाने के लिए लोन को समय से पहले खत्म (prepayment) करने का फैसला लेते हैं। लेकिन ऐसा करते ही बैंक एक “प्रीपेमेंट पेनल्टी” वसूलते हैं। आखिर जब पूरा पैसा एक साथ चुका दिया तो पेनल्टी क्यों? आइए समझते हैं।
Table of Contents
बैंक को प्रीपेमेंट से क्यों होता है नुकसान
जब आप लोन लेते हैं, तो बैंक ब्याज पूरे लोन टेन्योर के हिसाब से कैलकुलेट करता है। यानी आपकी हर EMI में बैंक का इंटरेस्ट और प्रिंसिपल हिस्सा तय होता है। अब अगर आप बीच में ही पूरा लोन चुका देते हैं, तो बैंक को आगे मिलने वाला ब्याज नहीं मिलता। यही ब्याज बैंक की असली कमाई होता है। तो जब आप लोन जल्दी क्लोज करते हैं, बैंक को प्रॉफिट में डायरेक्ट नुकसान होता है। इसी नुकसान की भरपाई के लिए बैंक प्रीपेमेंट पेनल्टी चार्ज करता है।
कितनी पेनल्टी लगती है?
हर बैंक का प्रीपेमेंट चार्ज अलग-अलग होता है।
- कुछ बैंक एक फिक्स्ड अमाउंट वसूलते हैं।
- तो कुछ पूरे प्रीपेमेंट अमाउंट का एक निश्चित प्रतिशत लेते हैं (जैसे 2% या 3%)।
ये शर्तें पहले से ही लोन एग्रीमेंट में लिखी होती हैं। इसलिए लोन लेने से पहले इन क्लॉज को ध्यान से पढ़ना बेहद जरूरी है।
हर लोन पर नहीं लगता प्रीपेमेंट चार्ज
सभी लोन श्रेणियों में पेनल्टी नहीं लगती।
- होम लोन (Fixed Rate): बैंक आमतौर पर फिक्स्ड रेट लोन पर पेनल्टी वसूलते हैं।
- होम लोन (Floating Rate): आरबीआई के नियमों के अनुसार, फ्लोटिंग रेट होम लोन को पहले चुकाने पर कोई चार्ज नहीं लिया जा सकता।
- पर्सनल लोन: लगभग सभी बैंक इस पर कुछ प्रतिशत प्रीपेमेंट पेनल्टी लेते हैं।
इसलिए लोन लेने से पहले यह जानना जरूरी है कि आपका लोन किस कैटेगरी में आता है।
प्रीपेमेंट करने से पहले करें यह कैलकुलेशन
समय से पहले लोन चुकाना फाइनेंशियली फायदेमंद होगा या नहीं, यह कैलकुलेशन के बिना तय नहीं किया जा सकता। इसके लिए कुछ बेसिक बातें जानें:
- देखें कि आपके बैंक की प्रीपेमेंट पेनल्टी कितनी लगेगी।
- अनुमान लगाएं कि बचे हुए टेन्योर में कितना ब्याज देना पड़ता।
- उस ब्याज से पेनल्टी घटाकर देखें कि कुल बचत कितनी है।
- अगर बचत अच्छी है, तो प्रीपेमेंट समझदारी है।
- अगर बचत और पेनल्टी लगभग बराबर है, तो बस EMI के बोझ से राहत ही असली फायदा है।
कई बार लोन जल्दी खत्म करने की चाहत भावनात्मक होती है, लेकिन हर बार आर्थिक रूप से लाभदायक नहीं होती। इसलिए ये फैसला तब ही लें जब आपको वास्तव में ब्याज में बचत हो रही हो और आप अपनी फाइनेंशियल स्टेबिलिटी बनाए रख सकें।
















